अज्ञात चोरों ने सात किसानों के खेतों को बनाया निशाना, पुलिस ने मौका मुआयना कर शुरू की जांच
दिनेश लेखी
कठूमर।स्मार्ट हलचल|कठूमर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर और भोजपुरा में खेतों पर लगे सबमर्सिबल बोरों से विद्युत केबल और पानी की डिलीवरी चोरी होने के मामले सामने आए हैं। अज्ञात चोर सोमवार रात 26 अक्टूबर को किसानों के खेतों से हजारों फीट केबल और डिलीवरी काटकर ले गए। पीड़ित किसानों ने चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस थाने में लिखित परिवाद देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव सलेमपुर निवासी रामखिलाड़ी मीणा ने परिवाद में बताया कि उनके खेत पर लगे सबमर्सिबल बोर से करीब 700 फीट विद्युत केबल और 350 फीट पानी की डिलीवरी चोरी कर ली गई। वहीं, गांव के कलुआ राम सैनी के खेत से भी करीब 125 फीट विद्युत केबल चोरी होने की सूचना दी गई है।
इसी प्रकार गांव भोजपुरा निवासी बुद्धीराम शर्मा के खेत से करीब 200 फीट, शिवचरण पुत्र रामचंद्र शर्मा के खेत से 120 फीट तथा मोहनलाल पुत्र रामचंद्र शर्मा के खेत से 60 फीट विद्युत केबल चोरी कर ली गई। इसके अलावा मोतीलाल पुत्र बौद्ध सिंह जाटव के खेत से भी करीब 140 फीट केबल चोरी होने की शिकायत सामने आई है। किसानों के अनुसार, अज्ञात चोर खेतों पर लगे सबमर्सिबल बोरों की केबल काटकर ले गए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। घटनाओं का पता चलने पर पीड़ितों ने पुलिस को लिखित सूचना दी।
थानाधिकारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि खेतों से केबल चोरी होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। अज्ञात चोरों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से घटनाओं से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।