(बिन्टू कुमार)
नारायणपुर|स्मार्ट हलचल|नगरपालिका क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपातकालीन स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए बहुप्रतीक्षित अग्निशमन केंद्र का निर्माण कार्य ढाणी डूंगरिया में शुरू कर दिया गया है। बीएड कॉलेज के पीछे करीब 1575 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बन रहे इस फायर स्टेशन की आधारशिला दिसंबर माह में रखी गई थी, जो लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से जून माह तक बनकर तैयार हो जाएगा। वर्तमान में क्षेत्र में आगजनी की घटना होने पर बानसूर या विराटनगर से दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ती हैं, जिससे लंबी दूरी के कारण समय पर मदद नहीं पहुँच पाती और भारी नुकसान की आशंका बनी रहती है। स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से लैस इस केंद्र के बनने से रेस्क्यू टीम का रिस्पॉन्स टाइम कम होगा, जिससे मुख्य बाजार और रिहायशी इलाकों को बड़ी राहत मिलेगी। इस नए भवन को पूरी तरह आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, जिसमें दमकल वाहनों के लिए विशाल गैरेज, उच्च क्षमता वाले भूमिगत जल टैंक, कर्मियों के लिए विश्राम कक्ष और एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम शामिल होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधी और नागरिकों ने इस परियोजना की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस सुविधा से शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और भविष्य में आग जैसी आपदाओं के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
