राज्य स्तरीय बैडमिंटन में नन्हे शटलर अक्षराज ने चमकाया भीलवाड़ा का नाम, जीते दो कांस्य पदक

सीकर में आयोजित सब जूनियर प्रतियोगिता के सेमीफाइनल तक पहुंचे भीलवाड़ा के उभरते खिलाड़ी, महिराज सिंह पंवार ने भी दिखाया दमदार खेल

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|राज्य स्तरीय बैडमिंटन कोर्ट पर भीलवाड़ा के नन्हे खिलाड़ी अक्षराज श्रोत्रिय ने अपने दमदार खेल से प्रतिभा का लोहा मनवाया। सीकर में आयोजित सब जूनियर (अंडर-11 एवं अंडर-13) बैडमिंटन प्रतियोगिता में अक्षराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। एकल और युगल वर्ग के सेमीफाइनल तक पहुंचे अक्षराज ने कड़े मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दी और अपनी खेल प्रतिभा से भीलवाड़ा का नाम रोशन किया। वहीं, भीलवाड़ा के खिलाड़ी महिराज सिंह पंवार ने भी अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से प्रभावित किया। जिला बैडमिंटन संघ, भीलवाड़ा के मानद सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि अक्षराज ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक प्राप्त किए। बालक एकल अंडर-11 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में प्रथम वरीयता प्राप्त लक्षित रेवाड़ ने अक्षराज श्रोत्रिय को 15-6, 15-10 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि अक्षराज को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने पूरे मुकाबले में दमदार खेल और खेल भावना का परिचय दिया। बालक युगल अंडर-11 वर्ग के सेमीफाइनल में अक्षराज श्रोत्रिय और ईशान चौधरी की जोड़ी का मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त लक्षित रेवाड़ और शौर्य तंवर की जोड़ी से हुआ। तीन सेट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। लक्षित रेवाड़ और शौर्य तंवर की जोड़ी ने 15-8, 14-16, 15-7 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में अक्षराज और ईशान ने दूसरे सेट में शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की, लेकिन निर्णायक सेट में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। जिला बैडमिंटन संघ, भीलवाड़ा के रितेश श्रोत्रिय, दारा सिंह, हीरालाल, विनीत शर्मा और राजेश भदादा ने अक्षराज श्रोत्रिय एवं महिराज सिंह पंवार के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। रितेश श्रोत्रिय ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल से जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर भीलवाड़ा का नाम रोशन करेंगे। राज्य स्तरीय बैडमिंटन में नन्हे शटलर अक्षराज ने चमकाया भीलवाड़ा का नाम, जीते दो कांस्य पदक