गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका

बानसूर। स्मार्ट हलचल|कस्बे में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली,पूर्व उद्योग मंत्री शकुंतला रावत व श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य कृष्ण गोपाल कौशिक समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तु भी अब आम परिवार की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। जूली ने कहा कि गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की। पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती आई है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें और आपूर्ति की समस्या आमजन को परेशान कर रही है, इसलिए सरकार को तुरंत राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए। इससें पूर्व युवा कांग्रेस द्वारा कस्बें में गैस सिलेंडर की किल्लत के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली गई। इस दौरान प्रधान सुमन यादव, पीसीसी सचिव संजय यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भीमसिंह गुर्जर, महेश प्रधान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहें।