प्राइवेट बस स्टैंड पर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, खुले में पशु छोड़ने वालों को चेतावनी….
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल।शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव गुरुवार सुबह 6 बजे ही मैदान में उतर गए। प्राइवेट बस स्टैंड परिसर पहुंचकर उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और कचरा स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान घास विक्रेता को कांटा-बांट हटाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कचरा स्टैंड को हटाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय निर्दलीय पार्षद उदय लाल माली भी मौके पर मौजूद रहे। आयुक्त यादव ने निगमकर्मियों और होमगार्ड जवानों की मौजूदगी में क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छता बनाए रखने और आमजन को होने वाली परेशानियों को दूर करने के निर्देश दिए।
खाली भूखंड, ठेले और केबिन बने परेशानी
शहरवासियों ने आयुक्त के सामने खाली भूखंडों में कचरा जमा होने तथा सड़कों के किनारे स्थायी रूप से लगे ठेले और केबिनों की समस्या उठाई। लोगों का कहना था कि इनसे आवागमन बाधित होता है और सफाईकर्मियों को भी सफाई करने में परेशानी आती है। ठेले और केबिन व्यवस्थित जगह पर लगाए जाएं, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके।
खुले में पशु छोड़े तो होगी कार्रवाई:-
आयुक्त यादव ने पशुपालकों को भी सख्त हिदायत देते हुए कहा कि पालतू पशुओं को खुले में नहीं छोड़ें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से भी भीलवाड़ा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
जनता बोली- शहर को स्वच्छ बनाने में देंगे साथ
आयुक्त के सुबह-सुबह निरीक्षण की शहरवासियों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि भीलवाड़ा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए वे निगम प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। अब लोगों की उम्मीद है कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई होगी और शहर की सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार आएगा।