त्योहारी बाजार में मिलावटखोरों पर वार! खाद्य विभाग ने कोल्ड स्टोरेज से 15 क्विंटल मसाले पकड़े

दीपावली से पहले स्टरलाइट एग्रो लिमिटेड पर छापा, धनिया और लाल मिर्च पाउडर सीज; नमूनों की रिपोर्ट से खुलेगी गुणवत्ता की पोल

महेन्द्र नागौरी
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|दीपावली के त्योहार पर कहीं मिलावट का जहर लोगों की थाली तक न पहुंचे, इसे लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को चित्तौड़ रोड स्थित स्टरलाइट एग्रो लिमिटेड कोल्ड स्टोरेज पर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 15 क्विंटल साबुत धनिया और लाल मिर्च पाउडर सीज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में खलबली मच गई।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। इस दौरान 1500 किलोग्राम धनिया एवं लाल मिर्च पाउडर को सीज किया गया। टीम ने लाल मिर्च पाउडर का नॉन एक्ट के तहत तथा साबुत धनिया का एक्ट के तहत नमूना लिया।
दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला अजमेर भेजे गए हैं। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट बताएगी कि सीज किए गए मसाले गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। यदि जांच में खामियां सामने आती हैं तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार पर आमजन की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य पदार्थों की जांच और संदिग्ध सामग्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, शाहरुख हुसैन एवं संजय वर्मा मौजूद रहे।