भदेसर में नायक परिवार की अनोखी चुनावी बिसात: एक ही घर से 3 प्रत्याशी मैदान में; बसपा जिला प्रभारी बालू नायक समिति, पहली पत्नी जिला परिषद तो दूसरी पत्नी लड़ रहीं सरपंच का चुनाव

भदेसर में नायक परिवार की अनोखी चुनावी बिसात: एक ही घर से 3 प्रत्याशी मैदान में; बसपा जिला प्रभारी बालू नायक समिति, पहली पत्नी जिला परिषद तो दूसरी पत्नी लड़ रहीं सरपंच का चुनाव

कपासन से विधानसभा चुनाव लड़ चुके बालू नायक व पहली पत्नी पिंकी नायक ‘हाथी’ सिंबल पर ठोक रहे ताल; उच्च शिक्षित दूसरी पत्नी पूजा नायक लेसवा में सरपंच पद पर आजमा रहीं भाग्य

चित्तौड़गढ़ (स्मार्ट हलचल)

स्मार्ट हलचल। पंचायती राज चुनाव में भदेसर क्षेत्र से एक ऐसी अनोखी राजनीतिक कहानी सामने आई है, जिसकी समूचे चित्तौड़गढ़ जिले में जमकर चर्चा हो रही है। मोखमपुरा निवासी नायक परिवार से एक ही साथ तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जिला प्रभारी बालू नायक खुद पंचायत समिति सदस्य, उनकी पहली पत्नी जिला परिषद और दूसरी पत्नी सरपंच पद के लिए ताल ठोक रही हैं। एक ही घर से त्रिस्तरीय पंचायती राज के तीनों प्रमुख पदों पर सीधी दावेदारी से मुकाबला बेहद रोचक बन गया है।

विधानसभा लड़ चुके हैं बालू नायक, पहली पत्नी के साथ ‘हाथी’ सिंबल पर मैदान में

परिवार के मुखिया बालू नायक बहुजन समाज पार्टी के जिला प्रभारी हैं और वर्ष 2023 में कपासन विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव भी लड़ चुके हैं। इस बार वे स्वयं पंचायत समिति भदेसर के वार्ड नंबर 1 से बसपा के अधिकृत प्रत्याशी हैं, जिनका चुनाव चिन्ह हाथी है। वहीं उनकी पहली पत्नी पिंकी नायक जिला परिषद चित्तौड़गढ़ के वार्ड नंबर 14 से बसपा के टिकट पर हाथी सिंबल के साथ चुनावी समर में ताल ठोक रही हैं।

दूसरी पत्नी पूजा नायक लेसवा से सरपंच पद की दौड़ में, डिग्रियों की लंबी फेहरिस्त

वहीं बालू नायक की दूसरी पत्नी पूजा नायक ग्राम पंचायत लेसवा से सरपंच पद की उम्मीदवार हैं। सरपंच का चुनाव पार्टी सिंबल पर न होकर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आवंटित स्वतंत्र प्रतीकों पर होता है। पूजा नायक क्षेत्र की सबसे शिक्षित प्रत्याशियों में से एक हैं, जिन्होंने B.A., M.A., B.Ed., LLB एवं RSCIT तक की उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं। उनकी इस शैक्षणिक योग्यता को लेकर ग्रामीणों में सकारात्मक चर्चा है।

🛑 नायक परिवार की चुनावी बिसात : मुख्य बिंदु

  • निवास: ग्राम मोखमपुरा, भदेसर-लेसवा क्षेत्र (चित्तौड़गढ़)।
  • मुखिया बालू नायक: बसपा जिला प्रभारी व पूर्व कपासन विस प्रत्याशी; वर्तमान में भदेसर पंचायत समिति वार्ड-1 से बसपा प्रत्याशी (चुनाव चिन्ह: हाथी)।
  • पहली पत्नी पिंकी नायक: जिला परिषद चित्तौड़गढ़ के वार्ड संख्या 14 से बसपा प्रत्याशी (चुनाव चिन्ह: हाथी)।
  • दूसरी पत्नी पूजा नायक: ग्राम पंचायत लेसवा से सरपंच पद की उम्मीदवार (उच्च योग्यता: B.A., M.A., B.Ed., LLB, RSCIT)।
  • चुनावी नारा: ‘विकास ही हमारा संकल्प, सबका साथ सबका विकास’।

भदेसर-लेसवा क्षेत्र में चुनाव हुआ बेहद रोचक

एक ही परिवार के तीन सदस्यों के अलग-अलग स्तर पर चुनावी अखाड़े में उतरने से भदेसर और लेसवा क्षेत्र की सियासी फिजा गरमा गई है। तीनों प्रत्याशी ‘विकास ही हमारा संकल्प, सबका साथ सबका विकास’ के वादे के साथ सघन जनसंपर्क में जुटे हैं और मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं।