रायला ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

SMART HALCHAL MEDIA GROUP

रायला ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

बाइक के उड़े परखच्चे, हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम; नागौर निवासी था मृतक

रायला, स्मार्ट हलचल। अजमेर-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर रायला ओवरब्रिज के ऊपर शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने हाईवे एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को रायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान
ओमाराम पुत्र पंचराम, निवासी मोरियाना, डेगाना, जिला नागौर (राजस्थान), उम्र 25 वर्ष

कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के कारण रायला ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और शव को सड़क से हटाने के बाद यातायात सुचारू करवाया गया।

परिजनों को दी सूचना

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे सुबह रायला पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

स्मार्ट हलचल मीडिया ग्रुप