चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में ‘राजस्व बड़ा खेला ‘ और कागज़ों में दबा सरकारी आदेश !

शर्मा

​चित्तौड़गढ़ । स्मार्ट हलचल|आम जनता से पाई-पाई कर वसूलने वाली नगर परिषद, सरकारी खजाने को चूना लगाने वाले दोषियों पर मेहरबान क्यों है ? राज्य सरकार के स्पष्ट आदेशों के बावजूद चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में ₹12.37 लाख से अधिक की राजस्व वसूली का ठंडे बस्ते में पड़े रहना प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि सीधी-सीधी ‘सरकारी आदेशों की अवहेलना’ और ‘अधिकारियों की साठगांठ’ का जीता-जागता प्रमाण है ।
​दबी फाइलों की जुबानी सच
​स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर द्वारा 18 जनवरी 2023 को जारी दंडादेश के अनुसार, नगर परिषद के तीन कार्मिकों सुखदेव पटेल (तत्कालीन सहायक अभियंता, सेवानिवृत्त), दिलीप कुमार व्यास (लेखाकार) एवं शिव शंकर चौबीसा (कनिष्ठ सहायक)को नियम विरुद्ध तरीके से पूर्व उप सभापति भरत जागेटिया और अशोक जागेटिया को ₹12,37,981/- की राशि लौटाने का दोषी पाया गया ।
​विभाग की जांच में यह सिद्ध हुआ कि परिपत्रों की गलत व्याख्या करके और उच्चाधिकारियों को अंधेरे में रखकर पालिका कोष को भारी आर्थिक क्षति पहुँचाई गई। इसके तहत सरकार ने आदेश दिए थे l ​सुखदेव पटेल सेवानिवृत्त जेइएन इनकी पेंशन/ग्रेच्युटी (DCGP) में से 05 प्रतिशत राशि अथवा ₹4,12,661/- की कटौती कर परिषद कोष में जमा की जाए । ​दिलीप कुमार व्यास लेखाकार इनके वेतन-भत्तों से ₹4,12,660/- की राशि 36 समान किश्तों में काटी जाए । ​शिव शंकर चौबीसा कनिष्ठ लिपिक इनके वेतन-भत्तों से ₹4,12,660/- की राशि 60 समान किश्तों में काटी जाए ।
​सरकार के आदेश की धज्जियां, जिम्मेदार मौन !
​आदेश जारी हुए सालों बीत जाने के बावजूद चित्तौड़गढ़ नगर परिषद प्रशासन नींद से नहीं जागा है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि इन कार्मिकों की सेवा पुस्तिका में लाल स्याही (Red Ink) से दंडादेश अंकित कर वसूली सुनिश्चित की जाए। परंतु परिषद के उच्च अधिकारियों की ‘सहानुभूति’ और ‘लापरवाही’ के चलते अब तक कोई ठोस वसूली नहीं की गई । ​यह सिर्फ कार्य में ढिलाई नहीं, बल्कि जनता के उस पैसे की चोरी है जो विकास कार्यों में लगना चाहिए था।

​अब चक्रवर्ती ब्याज और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी हो वसूली !
कानूनी और प्रशासनिक नियमों के अनुसार ​चक्रवर्ती ब्याज की वसूली हो यदि इतने वर्षों तक सरकारी धन दबाकर रखा गया है, तो मूल राशि ₹12.37 लाख पर नियमानुसार बैंक ब्याज की दर से चक्रवर्ती ब्याज जोड़कर वसूली होनी चाहिए।
​लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई
स्वायत्त शासन विभाग के आदेश की अवहेलना करने वाले और वसूली न करके दोषियों को शह देने वाले नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों (आयुक्त/अध्यक्ष) को भी इस वित्तीय अनियमितता में सहभागी माना जाना चाहिए और उनसे भी हर्जाना वसूला जाना चाहिए।

​बड़ा सवाल
​क्या नगर परिषद चित्तौड़गढ़ राज्य सरकार से भी ऊपर है जो 2023 के आदेशों को रद्दी की टोकरी में डाले बैठी है ? ​क्या आम नागरिक से चुंगी और कर वसूलने वाली परिषद अपने चहेते दोषियों पर इतनी मेहरबान क्यों है ? ​यदि तुरंत प्रभाव से इस वसूली प्रक्रिया को शुरू कर चक्रवर्ती ब्याज सहित राशि राजकोष में जमा नहीं कराई जाती, तो यह मामला केवल प्रशासनिक सुस्ती का नहीं बल्कि अपराधिक मिलीभगत का स्पष्ट मामला बनता है। उच्च अधिकारियों और सतर्कता विभाग (ACB) को तुरंत संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर गाज गिरानी चाहिए ।