भीलवाड़ा। (लकी शर्मा)।भीलवाड़ा। एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में गठित एएनटीएफ टीम प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 414 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया गया तथा दो कारों को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एएनटीएफ भीलवाड़ा टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-48 जयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे से दो कारों में मादक पदार्थ भरकर तस्करी के लिए पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम पुर क्षेत्र में पहुंची और हाईवे के दोनों ओर झाड़ियों की आड़ में छिपकर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक स्कॉर्पियो और एक अन्य कार आगे-पीछे आती दिखाई दी, जिन्हें टीम ने स्टॉप-स्टिक की मदद से घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने स्कॉर्पियो कार नंबर PB 10 KA 1396 और एक बिना नंबर की कार जब्त कर पुर थाने में मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में पंजाब के लुधियाना जिले के जगराव निवासी अरुण सिंह (20) पुत्र बलविंदर सिंह तथा मोगा जिले के धर्मकोट क्षेत्र के भगनाल निवासी अनमोल सिंह (17) पुत्र अवतार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
