उदयपुर 2 नवम्बर
स्मार्ट हलचल।महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पानेरियों की मादड़ी में ‘पीएम श्री’ योजना के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आज छठा दिन बेहद ज्ञानवर्धक और उपयोगी गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के दौरान शिक्षिकाओं और छात्राओं को शारीरिक, मानसिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया।
शिविर के छठे दिन की शुरुआत ऊर्जावान प्रातःकालीन सत्र से हुई, जिसमें शिक्षिकाओं को योग, वार्मअप, प्राणायाम और मेडिटेशन (ध्यान) का गहन अभ्यास करवाया गया।
योग विशेषज्ञ श्री गगनदीप कुलहरि ने इस सत्र में भाग लिया। उन्होंने जीवन में योग के महत्व को रेखांकित करते हुए इसके शारीरिक और मानसिक लाभों पर एक विशेष व्याख्यान दिया।
इसके बाद छात्राओं के लिए आत्मरक्षा के व्यावहारिक सत्र का आयोजन किया गया। मास्टर ट्रेनर नरेश कुमार एवं श्रीमती निरंजना शर्मा द्वारा छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए निम्नलिखित तकनीकों का कड़ा अभ्यास करवाया गया पंच और ब्लॉक की तकनीकें ,व्यावहारिक आत्मरक्षा के कदम ,अचानक होने वाले चाकूवार, लाठीवार तथा पीछे से पकड़ने जैसी खतरनाक स्थितियों से खुद को सुरक्षित निकालने और बचाव करने के अचूक तरीके।
शिविर का दूसरा सत्र सामाजिक और कानूनी जागरूकता पर केंद्रित रहा,जिसमें राष्ट्रीय महिला जागृति मंच की न्याय एवं अनुशासन समिति की प्रधान संरक्षक श्रीमती सुरभि मेनारिया ने जेंडर इक्विटी (लैंगिक समानता) और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर विषयों पर अपने विचार रखे और छात्राओं को जागरूक किया।
आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज की वरिष्ठ चिकित्सक श्रीमती रेणुका पेगवार (पैथोलॉजी विभाग) ने छात्राओं को हेल्थ एंड हाइजीन, विभिन्न बीमारियों के लक्षणों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया।एडवोकेट श्री ऋषभ ने छात्राओं को कानून के दायरे में मिलने वाले विभिन्न अधिकारों और उनसे जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें।
दिनभर चले विभिन्न सत्रों के अंत में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा छात्राओं को पूर्व में सिखाई गई सभी आत्मरक्षा तकनीकों का त्वरित रिवीजन और पुनः अभ्यास करवाया गया, जिससे छात्राएं सीखी गई तकनीकों को अच्छी तरह आत्मसात कर सकें।
शारीरिक कौशल, मानसिक शांति, स्वास्थ्य चेतना और कानूनी ज्ञान के अनूठे संगम के साथ प्रशिक्षण बेहद सफल और प्रेरणादायी रहा। प्रशिक्षण का समापन मंगलवार 3 नवंबर को होगा।