लोकतंत्र को
तृतीय चरण में पंचायत समिति बहरोड़, नीमराणा, विराटनगर एवं मैड-कुंडला क्षेत्र में होगा मतदान
ओमप्रकाश शर्मा/स्मार्ट हलचल/पावटा
स्मार्ट हलचल।कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण के तहत जिले की पंचायत समिति बहरोड़, नीमराणा एवं विराटनगर क्षेत्र की 27 ग्राम पंचायतों में तथा मैड-कुंडला क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों में 3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 5 नवंबर को ग्राम पंचायत के पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। दोनों दिवस मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित है। जिले की पंचायत समिति बहरोड़, नीमराणा, विराटनगर एवं मैड-कुंडला क्षेत्र में 6 नवंबर को ग्राम पंचायत के उपसरपंच के लिए मतदान एवं मतगणना होगी। कोटपूतली-बहरोड़ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने निर्वाचन क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ ही गांवों के विकास और स्थानीय स्वशासन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से इस अवसर को अपनी जिम्मेदारी के रूप में लेने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाताओं से अपने परिवारजनों, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि व्यापक जनभागीदारी से ही लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है। मतदाता निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।