बरसों बाद मिली खुशी: दीपावली से पहले वनकर्मियों को पदोन्नति का तोहफा
उप वन संरक्षक वी. केतन कुमार ने पदोन्नत कर्मचारियों को नई रैंक के बैच लगाकर किया सम्मानित
चित्तौड़गढ़। दीपावली से पहले चित्तौड़गढ़ वन मंडल के पदोन्नत वनकर्मियों के सम्मान में कार्यालय परिसर में रैंक अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप वन संरक्षक (DCF) वी. केतन कुमार ने की।
समारोह में उप वन संरक्षक वी. केतन कुमार ने पदोन्नत कार्मिकों के कंधों पर नई रैंक के बैच लगाकर उन्हें सम्मानित किया। लेखराज खटीक को वनपाल तथा झूमरराम, रोहित नाथ, योगेश कुमार गुर्जर और ललित खटीक को सहायक वनपाल पद की रैंक से अलंकृत किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों और स्टाफ की मौजूदगी
कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक भावना शर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह शक्तावत और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी जिले सिंह सहित वन मंडल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत कार्मिकों को बधाई देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
नई जिम्मेदारी के साथ बेहतर कार्य का आह्वान
उप वन संरक्षक वी. केतन कुमार ने पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई रैंक के साथ उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। उन्होंने सभी से निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सहायक वन संरक्षक भावना शर्मा और क्षेत्रीय वन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह शक्तावत ने कहा कि दीपावली से पहले मिली पदोन्नति पूरे स्टाफ के लिए गर्व का विषय है। इससे मैदानी स्तर पर वन सुरक्षा और वन्यजीव प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।
समारोह के अंत में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी जिले सिंह और स्टाफ सदस्यों ने पदोन्नत कार्मिकों का मुंह मीठा करवाया। कार्यालय परिसर में उत्सव और खुशी का माहौल रहा।