चार पंचायत समितियों में 3.85 लाख मतदाता करेंगे गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान, सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चलेगी वोटिंग
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।गांवों की सरकार चुनने के लोकतांत्रिक महापर्व का तीसरा चरण मंगलवार को आयोजित होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए होने वाले मतदान को लेकर सोमवार को सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय परिसर से चार पंचायत समितियों के 416 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना हुए। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम और निर्वाचन सामग्री सौंपकर निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना किया गया।
तृतीय चरण में जैतारण, जवाजा, नरबदखेड़ा एवं रास पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबला होगा। इन क्षेत्रों के 68 पंचायत समिति वार्डों एवं 116 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत कुल 3 लाख 85 हजार 950 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जैतारण में 144, जवाजा में 82, नरबदखेड़ा में 88 तथा रास में 102 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जिला परिषद के 14 वार्डों एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान दलों की रवानगी के दौरान चुनाव सामग्री वितरण, वाहन पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शौचालय एवं सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रखने के साथ मतदान के बाद ईवीएम को सुरक्षित संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
इधर, सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी तथा 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना होगी। 6 नवंबर को उपसरपंच पद के चुनाव होंगे, जबकि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।