मुकेश खटीक
मंगरोप।थाना क्षेत्र के पीपली गांव में रविवार देर शाम खेत पर काम करते समय एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।बबूल के पेड़ की टहनियां काटते समय टहनियों को साइड में गिराने के लिए बांधी गई रस्सी में उलझने से किशोर के गले में फंदा लग गया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार पीपली निवासी सत्यनारायण दारोगा (16) पुत्र मिश्रीलाल दारोगा रविवार शाम अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहा था। फसल पर छाया पड़ने के कारण वह खेत में खड़े बबूल के पेड़ पर चढ़कर उसकी टहनियां काट रहा था।टहनियों को एक तरफ गिराने के लिए पेड़ से रस्सी बांधी हुई थी।इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिरने लगा और टहनियों को हटाने के लिए बांधी गई रस्सी में उलझ गया,जिससे उसके गले में फंदा लग गया।घटना का पता उस समय चला जब चाचा नारायण सिंह दारोगा शाम करीब 6 बजे खेत पर चाय लेकर पहुंचे।वहां का दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी।सूचना मिलने के बाद मंगरोप थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।परिजन और ग्रामीण घायल किशोर को तुरंत जिला चिकित्सालय ले गए,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।आरपीएस प्रोबेशनर नेहा राव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर खेत में कृषि कार्य के दौरान बबूल के पेड़ से गिरते समय रस्सी में उलझ गया, जिससे उसके गले में फांसी लग गई और उसकी मौत हो गई।सोमवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
