नवगठित ग्राम पंचायत झांतल की पहली सरपंच बनीं रूपी देवी बैरवा, विधि-विधान से किया पदभार ग्रहण

700 मतों से दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत, बोलीं- गांव के विकास में नहीं आने दूंगी कोई कमी, बाल विवाह जैसी कुरीतियों को खत्म करना भी रहेगी प्राथमिकता

रायला। स्मार्ट हलचल|विश्वनाथ महादेव की नगरी नवगठित ग्राम पंचायत झांतल (बनेहा) में नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती रूपी देवी बैरवा ने रविवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन परिसर में समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया।पदभार ग्रहण समारोह में ग्राम पंचायत के उपसरपंच एवं समस्त वार्ड पंचों का साफा और माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। समारोह में ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए गांव के विकास की उम्मीद जताई।

इस दौरान सरपंच रूपी देवी बैरवा ने कहा कि गांव का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। वे गांव के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने देंगी। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर काम किया जाएगा। गांव में बेहतर विकास कार्य करवाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने सामाजिक सरोकारों पर जोर देते हुए कहा कि बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए ग्रामीणों को समझाइश कर जागरूक किया जाएगा। साथ ही छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें अधिक से अधिक पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जाएगा।

गौरतलब है कि नवगठित ग्राम पंचायत झांतल में पहली बार हुए पंचायत चुनाव में रूपी देवी बैरवा ने करीब 700 मतों से जीत दर्ज कर सरपंच पद हासिल किया था। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय नवयुवक मंडल और ग्रामीणों के सहयोग को दिया।

समारोह में उपसरपंच देबीभील,

पूर्व सरपंच श्यामलाल शर्मा, पूर्व उप सरपंच गोपाल सिंह राठौड़

पंचायत सचिव कुनाल शर्मा सहित वार्ड पंच, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में सरपंच रूपी देवी बैरवा ने सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।