भीलवाड़ा में बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों और आपूर्ति में कमी के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सड़क पर चूल्हा जलाकर जताया विरोध, जमकर लगाए नारे पुतला फूंका

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा । गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में कमी को लेकर भीलवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस देहात अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया, वहीं महिला कार्यकर्ताओं ने लकड़ी का चूल्हा जलाकर महंगाई के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार से रसोई गैस के बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लेने की मांग की। साथ ही पंचायत राज चुनाव जल्द कराने की भी मांग उठाई। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली भी निकाली गई।

कांग्रेस देहात अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस देशभर में किसानों, मजदूरों और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को उठा रही है। 2014 के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पेट्रोल-डीजल सस्ता करने, लोगों के खातों में 15 लाख रुपये देने और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। उनका कहना था कि महंगाई और आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी पर भारी बोझ पड़ा है। पंचायत राज चुनाव को लेकर भी जाट ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के तहत पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत किया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार चुनाव टालकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उनके अनुसार पंचायत चुनाव नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदेश में उद्योग, व्यापार, किसान और मजदूर सभी परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो जनता भारतीय जनता पार्टी को जवाब देने के लिए तैयार है।