चार पंचायत समितियों में 2.17 लाख मतदाताओं ने डाले वोट, नरबदखेड़ा 61.33 प्रतिशत के साथ रहा अव्वल
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल|पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मंगलवार को ब्यावर जिले की चार पंचायत समितियों एवं 14 जिला परिषद वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक जिले की चार पंचायत समितियों में कुल 56.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं में उत्साह नजर आया और बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते दिखाई दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिले की चार पंचायत समितियों में कुल 3 लाख 82 हजार 122 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 2 लाख 17 हजार 523 मतदाताओं ने वोट डाले। पंचायत समिति नरबदखेड़ा में सर्वाधिक 61.33 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं रास में 59.96 प्रतिशत, जैतारण में 54.40 प्रतिशत तथा जवाजा में 53.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला परिषद सदस्य के चुनाव में भी शाम तक 56.36 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना एवं जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिले के ग्रामीण अंचलों में सुबह से ही मतदान को लेकर हलचल बनी रही। मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का उपयोग किया। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।