मां के निधन के बाद घर में आए मेहमान , गैस हुई खत्म; युवक खाली सिलेंडर लेकर पहुंचा एसडीएम दफ्तर, अधिकारी ने दिलवाई तुरंत राहत

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा (मांडल) // एक ओर जिला प्रशासन घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत को नकारते हुए अफवाहों पर ध्यान न देने की आमजन से अपील कर रहा है, वहीं धरातल पर स्थिति कुछ अलग ही नजर आ रही है। भीलवाड़ा जिले के मांडल उपखंड कार्यालय में गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान होकर एक गैस उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर पहुंच गया और उपखंड अधिकारी संजना जोशी से गैस सिलेंडर दिलाने की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार मांडल निवासी रामचंद्र रैगर अपनी समस्या लेकर उपखंड कार्यालय पहुंचा। उसने बताया कि उसकी मां का हाल ही में स्वर्गवास हो गया है और घर पर शोक संवेदना प्रकट करने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। ऐसे में घर में गैस खत्म हो गई है और चाय बनाने तक के लिए गैस उपलब्ध नहीं है।
रामचंद्र ने बताया कि वह पहले गैस एजेंसी के कार्यालय भी गया था, लेकिन वहां से उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह खाली सिलेंडर लेकर सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गया और मदद की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारी संजना जोशी ने तत्काल संज्ञान लिया और दूसरी गैस एजेंसी से संपर्क कर उपभोक्ता को गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करवाई। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से युवक को राहत मिली।