भीम आर्मी ने मांडलगढ़ विधानसभा की कमान रामदेव रैगर को सौंपी: जिलाध्यक्ष दुर्गालाल बैरवा ने जारी किए नियुक्ति आदेश, संगठन विस्तार को मिलेगी गति

सांसद चंद्रशेखर आजाद और शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर हुई घोषणा; बाबा साहब डॉ. अंबेडकर व मान्यवर कांशीराम की विचारधारा को धरातल पर पहुंचाने का संकल्प

भीलवाड़ा/मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने जिले में संगठन का विस्तार करते हुए रामदेव रैगर को मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र का अध्यक्ष मनोनीत किया है। भीम आर्मी भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष दुर्गालाल बैरवा ने संविधान भवन राजपुरा (काछोला) से नियुक्ति पत्र (क्रमांक RAJ/2026/10/11) जारी कर इसकी घोषणा की। इस नियुक्ति से क्षेत्र में युवाओं और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है।

शीर्ष नेतृत्व की सहमति से हुआ मनोनयन

जारी पत्र के अनुसार यह नियुक्ति संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय प्रमुख तथा नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर मौर्य के निर्देशानुसार की गई है। संगठन का उद्देश्य बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के समतामूलक विचारों को आगे बढ़ाते हुए बहुजन समाज के सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक उत्थान को नई दिशा देना है।

अनुशासन और निष्ठा से संगठन को मजबूत करने की अपेक्षा

जिलाध्यक्ष दुर्गालाल बैरवा ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन के सिद्धांतों का पालन करेंगे। उन्होंने अपेक्षा की कि रामदेव रैगर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भीम आर्मी की एकता और जमीनी मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।