नीम का खेड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच सीता भील ने ग्रहण किया पदभार: विधायक गोपाल खंडेलवाल की मौजूदगी में अभिजीत मुहूर्त में संभाली पंचायत की कमान

​पंचायत भवन में उमड़ा ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों का हुजूम; गांव के सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण का लिया संकल्प
​नीम का खेड़ा/मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)। मांडलगढ़ उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत नीम का खेड़ा की नवनिर्वाचित सरपंच सीता भील ने बुधवार को अभिजीत मुहूर्त में दोपहर सवा 12 बजे विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पंचायत भवन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
​पदभार संभालने के उपरांत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल खंडेलवाल ने नवनिर्वाचित सरपंच को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी ग्राम पंचायत होती है और जनसेवा ही एक जनप्रतिनिधि का मुख्य ध्येय होना चाहिए। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़कों, पेयजल और रोशनी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं सरपंच सीता भील ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि पंचायत के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण होगा।
​समारोह में यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रेतों डांगी, संजय डांगी, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष अर्जुन ब्रह्म, पूर्व कृषि उपज मंडी चेयरमैन रतनलाल खटीक, श्यामलाल अहीर, बूथ अध्यक्ष कालू सिंह शक्तावत, मोहनपुरा के पूर्व सरपंच रामस्वरूप तेली, कैलाश तेली, गेणोली सरपंच प्रतिनिधि देवेश शर्मा, उपसरपंच धर्मराज मीणा, नीम का खेड़ा सरपंच प्रतिनिधि रमेश भील, उपसरपंच शैतान गुर्जर, पूर्व सरपंच रतीराम रेबारी एवं पूर्व उपसरपंच शंकर गुर्जर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।