डायल 112 पर दी थी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को नहीं मिला कोई हादसा; पुलिस टीम से भी की अभद्रता
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के उमरा गांव में शराब के नशे में धुत एक युवक ने डायल 112 पर गैस सिलेंडर फटने और चार से पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की झूठी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन वहां किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई थी। जांच में सूचना झूठी पाए जाने और पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर की सुबह करीब तीन बजे उमरा गांव निवासी विजय पुत्र पृथ्वी लोधी ने अपने मोबाइल फोन से डायल 112 पर सूचना दी कि गांव में एक घर में गैस सिलेंडर फट गया है, जिससे चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सिलेंडर विस्फोट और कई लोगों के घायल होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पीआरवी, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और उपनिरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो स्थिति सामान्य मिली। पूछताछ में पता चला कि सूचना देने वाला विजय शराब के नशे में था और उसने शरारत के चलते झूठी सूचना दी थी। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।