बेटियों की सुरक्षा में न हो कोई चूक, एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

जवाजा ब्लॉक में धीमी प्रगति पर सीएमएचओ ने जताई चिंता, 20 नवंबर तक शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने की बनाई रणनीति

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच देने के लिए जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने की कवायद तेज हो गई है। जिला कलक्टर कमल राम मीना के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने जवाजा ब्लॉक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए 20 नवंबर 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले टीकाकरण की कम उपलब्धि सामने आने पर सीएमएचओ ने जिला मुख्यालय पर सेक्टर प्रभारियों एवं एएनएम की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सेक्टरवार प्रगति का आकलन करते हुए कम उपलब्धि के कारणों पर चर्चा की गई तथा शेष पात्र बालिकाओं तक पहुंच बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

डॉ. गहलोत ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कार्मिक अपने-अपने क्षेत्र में पात्र बालिकाओं की पहचान कर उनके अभिभावकों से व्यक्तिगत संपर्क करें। उन्हें एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी देकर टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और प्रत्येक पात्र बालिका का टीकाकरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण केवल सरकारी लक्ष्य पूरा करने का अभियान नहीं, बल्कि बेटियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जागरूकता के अभाव में कोई भी पात्र बालिका इस सुरक्षा से वंचित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ काम करें।

नियमित टीकाकरण की कमियों को भी दूर करने पर जोर

बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। पेंटा-1 एवं एमआर-1 तथा एमआर-1 एवं एमआर-2 के बीच शेष अंतर को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। टीकाकरण से वंचित बच्चों की सूची तैयार कर क्षेत्रवार निगरानी करने और विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में आरसीएचओ डॉ. उदाराम, बीसीएमओ जवाजा डॉ. अनुज गोदोलिया, डीएनओ गौरव गौड़ एवं एलडीसी कैलाश चंद उपस्थित रहे।