जेईएन अनिल भट्ट की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा विभाग में पदस्थापित कनिष्ठ अभियंता के कथित दलाल को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रायपुर पंचायत ब्लॉक में करवाए गए सिविल निर्माण कार्यों का बिल पास करवाने की एवज में ठेकेदार से रिश्वत की रकम ली थी। एसीबी की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन के नेतृत्व में गर्ग पेट्रोल पंप के पास रेलवे फाटक पर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी को उसकी स्विफ्ट कार में परिवादी से रिश्वत लेते दबोचा गया। मौके से 50 हजार रुपए बरामद किए गए, जिनमें 10 हजार रुपए असली और 40 हजार रुपए डमी करेंसी थी। एसीबी अब मामले में संबंधित कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म ने रायपुर पंचायत ब्लॉक में सिविल निर्माण कार्य करवाए थे। इन कार्यों के 8 लाख 82 हजार 647 रुपए के प्रथम रनिंग बिल को पास करने की एवज में कनिष्ठ अभियंता द्वारा कथित दलाल श्रेणीक चौधरी के माध्यम से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। इसके अलावा टेस्टिंग के नाम पर 10 हजार रुपए अलग से मांगने की शिकायत भी थी।
शिकायत मिलने पर एसीबी ने रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया, जिसमें 50 हजार रुपए दलाल को देने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर गर्ग पेट्रोल पंप के पास रेलवे फाटक पर श्रेणीक चौधरी को परिवादी से 50 हजार रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट की भूमिका की जांच की जा रही है।