प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश कुमार के निलंबन को लेकर सड़कों पर उतरे लोग
आसींद। नेशनल हाईवे 158 के आसींद कस्बे के बीच लगभग 700 मीटर अधूरे पड़े हाईवे निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण व्यापारियों, आमजन और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण कस्बे में धूल, जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, जिससे आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर सोमवार को आसींद कस्बे के व्यापारी संगठन सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने विरोध जताते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नाम खून से लिखकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाईवे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने राकेश कुमार के खिलाफ भी नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी हुई है।
वहीं सोमवार शाम विभिन्न एससी-एसटी समुदायों के सानिध्य में आसींद कस्बे में मशाल यात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
