लाडीजी का खेड़ा में बलदेव गुर्जर के बाड़े में भीषण अग्निकांड, 15 बीघा मक्खी और 5 बीघा मूंगफली की फसल जली, मौके पर पहुंचे अधिकारी
जहाजपुर अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|खजूरी क्षेत्र के लाडीजी का खेड़ा गांव में गुरुवार को एक किसान के बाड़े में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। श्री बलदेव जी गुर्जर के बाड़े में अचानक आग लगने से करीब 20 बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से 15 बीघा मक्खी और 5 बीघा मूंगफली की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते किसान की मेहनत से तैयार की गई फसल आग की लपटों में घिर गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किसान परिवार के सामने सालभर की मेहनत को राख होते देख बड़ा संकट खड़ा हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों की ओर से नुकसान की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
किसान को मुआवजे की उम्मीद:
भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ित किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अब किसान परिवार को प्रशासन से निष्पक्ष सर्वे करवाकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की उम्मीद है।