त्योहारी बाजार में खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर विभाग का पहरा, तीन प्रतिष्ठानों की जांच

मावा बर्फी, खाद्य तेल, सूजी और चावल के लिए नमूने; खामियां सुधारने के लिए संचालकों को सात दिन की मोहलत

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ब्यावर में जांच अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के निर्देशन में विभागीय टीम ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के चार नमूने लिए।अभियान के तहत गणेशपुरा रोड स्थित श्री जोधपुर स्वीट्स से मावा बर्फी, कृषि मंडी रोड स्थित साहू ट्रेडर्स से खाद्य तेल तथा चंदूलाल एंड ब्रदर्स के प्रतिष्ठान से सूजी और चावल के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं में सुधार के लिए संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को सात दिन का समय दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्रम बेड़ा एवं कुलदीप सिंह चौधरी शामिल रहे।