अन्नकूट की खुशियों के बीच सेवा और समर्पण का संदेश देगा ब्रह्मधाम

10 नवंबर को गोवर्धन पूजा पर सजेगा अन्नकूट महोत्सव, पहले संतजनों और वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को कराया जाएगा भोजन प्रसाद

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।उदयपुर रोड स्थित स्वामी ब्रह्मानन्द धाम में 10 नवंबर मंगलवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्रह्मानन्द सत्संग मंडल की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने के साथ अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया जाएगा।मंडल अध्यक्ष गणपत सर्राफ ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से आयोजित होगा। महामंत्री नरेंद्र ने बताया कि सुबह 11:30 बजे धाम में विराजित त्यागमूर्ति स्वामी ब्रह्मानन्द जी महाराज, स्वामी अनुभवानन्द एवं स्वामी सोहंमुनी महाराज की प्रतिमाओं के समक्ष भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात धाम में निवासरत संतजनों एवं वृद्धजनों को भोजन प्रसाद कराया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे विभिन्न खाद्य सामग्रियों, सब्जियों एवं फलों से तैयार अन्नकूट प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।

मंत्री महेंद्र सलेमाबादी ने बताया कि मंडल द्वारा संचालित स्वामी ब्रह्मानन्द वृद्धाश्रम में 35 वृद्धजन निवासरत हैं। जनसहयोग से वृद्धजनों एवं संतजनों के लिए दूध, चाय, फल, भोजन और दवाइयों की नियमित व्यवस्था की जा रही है।

महोत्सव की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों में कार्यकारिणी सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंडल पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से महोत्सव में शामिल होकर अन्नकूट प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।