दो एसी ई-बसों का विधायक शंकर सिंह रावत और सभापति पुष्पा बल्दुआ ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, कम किराए में मिलेगा आरामदायक सफर
अनिल कुमार खींची
स्मार्ट हलचल। ब्यावर। दीपावली के त्योहार पर ब्यावरवासियों को सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सुविधा मिली है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत नगर परिषद ब्यावर को दो आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गई हैं। अब शहरवासियों को ब्यावर से अजमेर तक वातानुकूलित बसों में आरामदायक सफर करने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जहां यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं प्रदूषण कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
नगर परिषद परिसर में आयोजित समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ई-बस सेवा का शुभारंभ किया गया। विधायक शंकर सिंह रावत एवं सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ ने दोनों बसों का निरीक्षण करने के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बस चालकों एवं परिचालकों का अभिनंदन भी किया गया।
कम किराए में एसी सफर, अजमेर तक मिलेगी सुविधा
दोनों आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन ब्यावर रोडवेज बस स्टैंड से अजमेर तक किया जाएगा। इससे रोजाना अजमेर आने-जाने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों एवं अन्य आमजन को राहत मिलेगी। वातानुकूलित बसों में सफर अधिक सुविधाजनक होगा। इलेक्ट्रिक बसें होने के कारण ध्वनि एवं वायु प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
विधायक शंकर सिंह रावत ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ब्यावर के विकास तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। ई-बस सेवा शहर के विकास में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
समारोह में सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, राजस्व अधिकारी मोहिन्द्र राय फुलवारी सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।