कोठाज चारभुजा नाथ मंदिर में छप्पन भोग महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक, दानपात्र से निकले 4 लाख 54 हजार 130 रुपए

कार्तिक पूर्णिमा पर होगा विशाल छप्पन भोग महोत्सव, मंदिर समिति अध्यक्ष प्रकाश कासलीवाल ने ग्रामवासियों के साथ की चर्चा

आकोला (रमेशचंद्र डाड)
स्मार्ट हलचल|कोठाज चारभुजा नाथ मंदिर में आगामी कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल छप्पन भोग महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति अध्यक्ष प्रकाश कासलीवाल ने ग्रामवासियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया। बैठक में महोत्सव को भव्य एवं धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित करने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

इसी अवसर पर भगवान श्री चारभुजा नाथ के मंदिर का दानपात्र भी खोला गया। दानपात्र की राशि की गणना करने पर कुल 4 लाख 54 हजार 130 रुपए प्राप्त हुए। श्रद्धालुओं द्वारा भगवान के प्रति व्यक्त की गई इस आस्था और श्रद्धा को लेकर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। अध्यक्ष कासलीवाल ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर 4 दिन तक भजन संध्या का कार्यक्रम बहुत ही भव्य रहेगा बाहर से आने वाले भक्तों को कोई असुविधा नहीं हो उसकी विशेष ध्यान रखा जाएगा

बैठक एवं दानपात्र खोलने के अवसर पर मोडु दास भैरू पारीक, रूपचंद जैन, घीशु सुथार, कालू गुर्जर, शंकर गुर्जर, लादू भालेर, जयकुमार अजमेर, शंकर कीर कांटी, महावीर दास, देवेंद्र वैष्णव, सुरेश शर्मा, अंकित जैन सहित अनेक ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले इस विशाल छप्पन भोग महोत्सव को लेकर ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।