खजूरी में असामाजिक तत्वों का बढ़ता आतंक, कानून व्यवस्था पर सवाल! आधी रात पेट्रोल पंप पर हमला, दो युवक गंभीर
पूर्व में पुलिस के साथ भी की गई थी बदतमीजी, रोज़नामचा में रपट दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोप; उच्च अधिकारियों तक पहुंची शिकायतें भी बेअसर, आखिर किसके संरक्षण में बढ़ रहे अपराधियों के हौसले?
जहाजपुर अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल।खजूरी क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मारपीट और आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला खजूरी स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप का है, जहां देर रात करीब 12 बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि खजूरी क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सार्वजनिक रूप से मारपीट और पुलिस के साथ बदतमीजी की घटना सामने आ चुकी है। पूर्व की घटना में पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने को लेकर पुलिस के रोज़नामचा में भी रपट दर्ज की गई थी। मामले की शिकायत उच्च पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई थी। इसके बावजूद आरोप है कि संबंधित आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
जब पुलिस के साथ बदतमीजी के मामले में भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ती तो आमजन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। आरोप है कि पूर्व की घटना के बाद आरोपियों के छूटने पर जश्न भी मनाया गया था। यदि उस समय ही सख्त कानूनी कार्रवाई होती तो क्या आज असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद होते?
क्षेत्र में कुछ प्रभावशाली लोगों और नेताओं का संरक्षण मिलने की चर्चाएं भी हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन को इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
शिकायतें उच्च अधिकारियों तक, फिर भी अपराधियों में कानून का भय क्यों नहीं?
लगातार सामने आ रही घटनाएं पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। पूर्व की घटना में पुलिस के साथ बदतमीजी, रोज़नामचा में रपट दर्ज होने और उच्च अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोप गंभीर हैं। अब पेट्रोल पंप पर हमले की घटना ने क्षेत्रवासियों की चिंता और बढ़ा दी है।
आखिर कब जागेगा पुलिस प्रशासन?
अब सवाल यह है कि खजूरी क्षेत्र में कानून व्यवस्था कब सुधरेगी? पूर्व की घटनाओं में दर्ज रपट पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी समीक्षा कौन करेगा? पेट्रोल पंप पर हमला करने वाले आरोपियों की पहचान कर कब तक गिरफ्तारी होगी? पुलिस के उच्च अधिकारियों को पूर्व के मामलों और ताजा घटना का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच तथा ठोस कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
खजूरी में अब सवाल सिर्फ एक हमले का नहीं, बल्कि लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुरानी घटनाओं में कार्रवाई के इंतजार का है। आमजन को सुरक्षा चाहिए, अपराधियों को संरक्षण नहीं।