काछोला का ऐतिहासिक दीपावली रास मेला डे-नाइट परवान पर

 

रातभर उमड़ रहा श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का जनसैलाब

झूले-चकरी, सर्कस और रोशनी से जगमगाया मेला परिसर, 750 वर्षों पुरानी परंपरा को लेकर लोगों में खासा उत्साह

पहली बार नवनिर्वाचित सरपंच माली ने मेले को किया निःशुल्क,झूला,चकरी,सर्कस ,दुकानदारों को मिली राहत

काछोला 10 नवंबर – स्मार्ट हलचल|काछोला में करीब 750 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक दीपावली रास मेले की परंपरा इन दिनों पूरे परवान पर है। पांच दिवसीय मेले में दिन के साथ-साथ रात के समय भी रौनक देखते ही बन रही है। डे-नाइट मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
रात होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से मेला परिसर जगमगा उठता है। झूले-चकरी, सर्कस, खिलौनों की दुकानें और विभिन्न प्रकार के मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
मेले की ऐतिहासिक एवं धार्मिक मान्यता क्षेत्रवासियों की आस्था से जुड़ी हुई है। बुजुर्गों के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला से जुड़ी मान्यता के चलते यहां प्रतिवर्ष दीपावली पर विशाल रास मेले का आयोजन होता है।
नवनिर्वाचित सरपंच गीता देवी माली एवं ग्राम पंचायत प्रशासन और थाना प्रभारी बालकिशन शर्मा के सानिध्य में मेले में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही है। वहीं सरपंच प्रतिनिधि अरविंद माली के नेतृत्व में वॉलंटियर टीम व्यवस्थाओं में सहयोग कर रही है। पुलिस प्रशासन थाना प्रभारी बालकिशन शर्मा के नेतृत्व में मय टीम भी शांति ,सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्क है और दिन रात में मय टीम मुस्तैदी के साथ आमजन की सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हुई है।
काछोला का यह ऐतिहासिक दीपावली रास मेला एक बार फिर श्रद्धा, आस्था, परंपरा और मनोरंजन का अनूठा संगम बना हुआ है।