गुरु ज्ञान की रोशनी से जगमगाया रामनिवास धाम, 71 व्यंजनों का अन्नकूट सजा

दीपावली पर समाधि छतरियों में भी किए दीप प्रज्ज्वलित, महाप्रभु रामचरणजी महाराज के श्रीभंडार में छप्पनभोग की झांकी सजाई
शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|दीपावली पर घर-आंगन तो रोशन हुए ही, शाहपुरा के रामनिवास धाम में आस्था के दीपों ने गुरु परंपरा को भी आलोकित कर दिया। संतों की समाधि छतरियों पर दीप प्रज्ज्वलन, महाप्रभु रामचरणजी महाराज के श्रीभंडार में छप्पनभोग और 71 व्यंजनों का अन्नकूट…। दीपों की इस जगमगाहट के बीच संदेश भी साफ था- असली रोशनी केवल घरों में नहीं, गुरु ज्ञान से मन में भी होनी चाहिए।
दीपोत्सव के अवसर पर महाप्रभु रामचरणजी महाराज के समाधि स्तंभजी के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके बाद बारादरी में आरती-वंदना कर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई। संप्रदाय की परंपरा के अनुसार रामनिवास धाम परिसर में सभी आचार्यों और संतों की समाधि छतरियों पर भी दीप जलाए गए। रोशनी से जगमगाते समाधि स्थल गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बने।
71 व्यंजनों की झांकी बनी आकर्षण–
दीपोत्सव श्रृंखला में सर्व सत्संगीजनों की ओर से आद्याचार्यश्री के श्रीभंडार में छप्पनभोग सजाया गया। कार्यवाहक भंडारी संत नवनिधराम महाराज की अगुवाई में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में 71 प्रकार के व्यंजनों की झांकी श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखी गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं को आशीर्वाद और प्रसाद वितरित किया गया। महिला मंडल और सर्व सत्संगीजनों ने इस आयोजन को परंपरा के साथ जुड़ा विशेष नवाचार बताया।
दीपोत्सव केवल रोशनी नहीं, संकल्प का पर्व – संत नवनिधराम
संत नवनिधराम महाराज ने कहा कि दीपोत्सव गुरु ज्ञान के सानिध्य में जीवन का अंधकार मिटाने का पर्व है। दीपक स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। इसी तरह गुरु ज्ञान व्यक्ति को सही राह दिखाता है। देश और समाज की समस्याओं को अज्ञान और नकारात्मकता का अंधकार मानकर उन्हें दूर करने का संकल्प लेना चाहिए।