चलती स्कूटी से 22 ग्राम सोने की चेन झपटकर भागे बदमाश को पुलिस ने दबोचा, लूटा माल और बाइक बरामद,

चलती स्कूटी से 22 ग्राम सोने की चेन झपटकर भागे बदमाश को पुलिस ने दबोचा, लूटा माल और बाइक बरामद,
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी शामिल

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर में चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बदमाशों पर सुभाष नगर थाना पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 60 वर्षीय महिला के गले से चलती स्कूटी पर झपट्टा मारकर 22 ग्राम सोने की चेन और लॉकेट लूटने की वारदात का चंद दिनों में खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वारदात में एक बाल अपचारी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।

थाना अधिकारी कैलाश चंद्र बिश्नोई ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:25 बजे प्रेम देवी (60) पत्नी स्वर्गीय भंवरलाल रेगर निवासी नया विस्तार पूर्व सुभाष नगर अपनी बहू के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार से घर लौट रही थीं। आरसी व्यास कॉलोनी से सुभाष नगर जाने वाले रास्ते पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। बाइक चला रहे युवक ने मुंह खुला रखा था, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने कपड़े से चेहरा ढक रखा था। सुभाष नगर की ओर जाते समय पीछे बैठे बदमाश ने चलती स्कूटी पर झपट्टा मारकर प्रेम देवी के गले से 17 ग्राम वजनी सोने की चेन और उसमें लगा 5 ग्राम का लॉकेट छीन लिया और साथी के साथ फरार हो गया।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों को चिह्नित किया। इसके साथ ही पूर्व में चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों में शामिल रहे संदिग्धों से भी पूछताछ की गई। लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान पवन राव (20) पुत्र रतनलाल राव, मूल निवासी वार्ड नंबर 6, जी-74 बापूनगर, थाना प्रतापनगर तथा हाल निवासी पटेल नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

प्रारंभिक जांच में वारदात में एक बाल अपचारी की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने इससे पहले शहर और आसपास के क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग की अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।