एक भारी पत्थर… जिसे खींचने आधी रात को जागता है पूरा शाहपुरा! जानिए क्या है ‘घास भैरू’ की रहस्यमयी सवारी की सदियों पुरानी परंपरा

कभी बैलों के बाहुबल से होता था शक्ति परीक्षण, अब युवाओं ने संभाली कमान; ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच चमना बावड़ी पहुंचा घास भैरू का रथ, देवउठनी एकादशी तक यहीं होगी विशेष पूजा-अर्चना

शाहपुरा (स्मार्ट हलचल/मूलचंद पेसवानी)

शाहपुरा (स्मार्ट हलचल/दीपावली के बाद अन्नकूट की मध्यरात्रि… जब पूरी दुनिया निद्रा में लीन होती है, तब शाहपुरा की सड़कों पर ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाजी की चमक और एक विशाल पाषाण खंड (भारी पत्थर) को खींचने के लिए उमड़ा जनसैलाब एक अलग ही इतिहास बयां करता है। आखिर क्या है इस पत्थर का रहस्य, जिसे देखने और खींचने के लिए शाहपुरा के लोग पूरी रात जागते हैं? यह कोई सामान्य आयोजन नहीं, बल्कि शाहपुरा की प्राचीन लोक आस्था, शक्ति परीक्षण और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी अनूठी परंपरा है।

रावला घाट से शुरू हुआ सफर, युवाओं ने बाहुबल से खींची सवारी

अन्नकूट की रात रावला घाट स्थित घास भैरू के स्थान से पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद यह सवारी रवाना हुई। यहां एक विशाल पत्थर के खंड को लोकदेवता घास भैरू के रूप में पूजा जाता है। विशेष चौखट में स्थापित कर इसे नगर भ्रमण कराया जाता है। इस बार सवारी का सबसे खास दृश्य यह रहा कि वर्षों से बैलों और ट्रैक्टर के सहारे आगे बढ़ने वाली इस सवारी को युवाओं ने अपने बाहुबल से खींचकर गंतव्य तक पहुंचाया।

बैलों की ताकत का इम्तिहान: न खींच पाने पर कहलाता था ‘ओत जाना’

पुराने समय में किसान अपने बैलों को सजाकर उनकी पूजा करते थे। उन्हें चावल और लापसी खिलाकर सवारी में जोता जाता था। बैलों की जोड़ियां बारी-बारी से घास भैरू को खींचती थीं। जो जोड़ी इस भारी पत्थर को खींचने में सफल नहीं होती थी, उसे स्थानीय भाषा में ‘ओत जाना’ कहा जाता था। इस तरह यह सवारी बैलों की ताकत और सहनशक्ति का सबसे बड़ा शक्ति परीक्षण बन जाती थी।

🛑 शाहपुरा घास भैरू सवारी : मुख्य बिंदु

  • परंपरा: अन्नकूट की मध्यरात्रि में निकलने वाली रहस्यमयी और रोमांचक लोक सवारी।
  • स्वरूप: रावला घाट पर स्थित विशाल पाषाण खंड को काष्ठ चौखट में विराजित कर नगर भ्रमण।
  • शक्ति परीक्षण: कभी बैलों के बाहुबल की परीक्षा होती थी, अब युवा रस्सियों से खींचते हैं रथ।
  • धार्मिक आस्था: नगर को महामारी, पशु-पक्षी रोगों व अकाल से रक्षा का लोक विश्वास।
  • विश्राम स्थल: देवउठनी एकादशी तक चमना बावड़ी (भरावों की गली) में प्रतिष्ठा, फिर पुनः वापसी।

सिंदूर, लापसी और मदिरा की धार; नगर रक्षा की लोकमान्यता

सवारी से पहले चावल का भोग, सिंदूर, धूप और पारंपरिक रीति से पूजा की जाती है तथा मदिरा की धार चढ़ाने की भी पुरानी परंपरा है। पंच-पटेलों की देखरेख में समस्त रस्में संपन्न होती हैं। जनश्रुति व लोकमान्यता के अनुसार घास भैरू की नगर परिक्रमा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहती है तथा पशु-पक्षियों की रक्षा और बीमारियों व दैवीय आपदाओं से नगर की सुरक्षा होती है।

देवउठनी ग्यारस तक चमना बावड़ी में प्रवास, नई पीढ़ी को विरासत समझाने की जरूरत

सवारी का अंतिम पड़ाव चमना बावड़ी के सामने भरावों की गली में रहा। अब देवउठनी एकादशी तक यहीं नियमित पूजा-अर्चना होगी, जिसके बाद घास भैरू को पुनः रावला घाट स्थित मूल स्थान पर पहुंचाया जाएगा। हालांकि सवारी के दौरान कुछ मनचलों द्वारा पुलिसकर्मियों की तरफ पटाखे फेंकने की घटना चिंताजनक रही। बैलों से ट्रैक्टर और अब युवाओं के बाहुबल तक पहुंची इस धरोहर को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को इसकी वास्तविक सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराना भी जरूरी है।