श्रीतुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव में पधारने का निमंत्रण देने भीलवाड़ा से चारभुजा पहुंचे सैकड़ो श्रद्धालु
भीलवाड़ा, 14 नवम्बर। स्मार्ट हलचल|धर्मनगरी भीलवाड़ा श्रद्धा, भक्ति एवं आस्था का नया इतिहास रचने जा रही है जब पहली बार राजाधिराज मेवाड़धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ श्री तुलसीजी से विवाह करने के लिए बारात लेकर भीलवाड़ा पधारने वाले है। सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में भीलवाड़ा में 20 नवम्बर को होने वाले 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव में बारात लेकर पधारने के लिए आमंत्रित करने रेवतीरमणलालजी के सानिध्य में भीलवाड़ा से आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज, प्रमुख आचार्य योगेन्द्र शर्मा के साथ आयोजन समिति के सदस्य एवं सैकड़ो श्रद्धालु बसों व विभिन्न वाहनों से चारभुजाजी पहुंचे। श्रद्धालु भगवान चारभुजानाथ के भजन कीर्तन करते हुए वहां पहुंचे। वहां पूजन व मंगलाचरण के साथ भगवान गणपति की पूजा कर श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के नाम मंगल लग्न पत्रिका परम पूज्य नारायणदासजी एवं उनके सानिध्य में समस्त पुजारी परिवार ने स्वीकार की ओर बताया कि 19 नवम्बर को बारात लेकर भीलवाड़ा पहुचेंगे ओर 20 को श्री गढ़बोर चारभुजानाथ तुलसीजी के संग विवाह रचाएंगे। लग्न पत्रिका स्वीकार करते ही श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर छा गई ओर भगवान चारभुजानाथ के जयकारे गूंजायमान हो उठे। भीलवाड़ा से लग्न पत्रिका लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं का श्री गढ़बोर चारभुजानाथ मंदिर के पुजारियों एवं मंदिर समिति द्वारा भव्य स्वागत सत्कार किया गया। श्रद्धालुओं में प. गोकुल भट्ट, रविकांत शर्मा,अनिल टेलर, शिवदयाल मनसावत, प्रेम पुरोहित, श्याम पुरोहित, रामपाल असावा, पुरूषोत्तम काकानी, छगनलाल जैन, अनिल पारीक, गोपीकिशन पाटोदिया, जीएल गुप्ता, संजय प्रताप सिंह, अलका जोशी, मंजू तंबोली, रजनीकांत आचार्य, दुर्गालाल सोनी, हेमराज टेलर, शिव शेखर, हरीश जोशी, गोविंद भाटिया, कौशल्या भाटिया नंदकिशोर जोशी साहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगन शामिल थे।
आजादनगर मेडिसिटी ग्राउण्ड पर होने वाले भव्य आयोजन में मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर पधारेंगे। इन मंदिरों में मंगल लग्न पत्रिका समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा पहले ही भगवान चारभुजानाथ को समर्पित की जा चुकी है।
विवाह महामहोत्सव के चार दिवसीय आयोजन 17 नवम्बर से
महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि महामहोत्सव के आयोजन 17 नवम्बर से प्रारंभ हो जाएंगे। इस दौरान 17 से 19 नवम्बर तक दोपहर एक से 4 बजे तक आयोजन स्थल मेडिसिटी ग्राउण्ड पर रूक्मिणी मंगल कथा का आयोजन होगा। कथा का वाचन आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज करेंगे। इनके साथ 17 नवम्बर से ही विवाह महोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएंगे। पहले दिन शाम महारास एवं संगीत संध्या होगी। महारास में पारम्परिक वेशभूषा में सभी सनातनी एवं आयोजन से जुड़े सदस्य जोड़े के साथ भाग ले सकेंगे। महारास में विशेष आकर्षण कोटा से आमंत्रित राधा कृष्ण समूह, राजस्थानी वेशभूषा में सामूहिक घूमर, राजपूती ड्रेस में घूमर एवं रास का आयोजन होगा। भीलवाड़ा के ख्यातनाम कलाकारों के भजनों एवं गीतों की प्रस्तुति भी इस कार्यक्रम में होगी। विवाह महोत्सव के मांगलिक आयोजनों के तहत 18 नवम्बर को सुबह 10 बजे कथा पांडाल में हल्दी व मेहंदी मनोरथ का आयोजन होगा। चार दिवसीय महामहोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई है। तुलसी विवाह कराने के लिए भीलवाड़ा जिले के साथ देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों के हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म माता-पिता के रूप में पंजीयन कराया है।