बीसलपुर बांध से नहरों में पानी छोड़ने की मांग पर किसानों का आंदोलन-रामपाल जाट के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे हजारों किसान

किसानों के मसीहा बने रामपाल जाट-एडीएम विनोद कुमार मीणा ने सिंचाई के लिए पानी देने का दिलाया आश्वासन

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|बीसलपुर बांध से नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की मांग को लेकर 13 नवंबर को किसान महापंचायत के बैनर तले हजारों किसान टोंक कृषि उपज मंडी समिति में एकत्रित हुए। इसके बाद किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट के नेतृत्व में किसान पैदल मार्च करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर पड़ाव डालकर आंदोलन शुरू कर दिया।
किसानों ने कृषि उपज मंडी समिति से अनुशासित तरीके से बस स्टैंड, छावनी चौराहा, पुलिस लाइन एवं घंटाघर होते हुए कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। किसान अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की तैयारी के साथ पहुंचे थे। कलेक्ट्रेट परिसर में किसानों का जमावड़ा रहा और प्रशासन के साथ पानी छोड़ने के मुद्दे पर चर्चा हुई। इस दौरान एडीएम विनोद कुमार मीणा ने किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने को लेकर आश्वासन दिया।
किसान महापंचायत के युवा प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद चौधरी ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्टर टोंक को ज्ञापन सौंपकर बीसलपुर बांध से नहरों में पानी छोड़ने के मुद्दे पर प्रथम सप्ताह में बैठक आयोजित करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद बैठक नहीं होने से किसानों को 13 नवंबर से आंदोलन शुरू करना पड़ा।
रामगढ़ बांध के अतिक्रमण का खामियाजा टोंक के किसान क्यों भुगतें
किसान महापंचायत टोंक के जिलाध्यक्ष गोपीलाल डोड़वाड़ी ने कहा कि जयपुर की प्यास बुझाने का प्रमुख स्रोत रामगढ़ बांध रहा है। उनके अनुसार रामगढ़ बांध के कैचमेंट एरिया में करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में अतिक्रमण होने के कारण जयपुर प्रशासन उन्हें हटाने में सफल नहीं हो पा रहा है। वहीं, टोंक जिले के किसानों के सिंचाई अधिकारों को प्रभावित करने वाले कदम उठाए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि जयपुर प्रशासन को अपने जल स्रोतों का विकास कर पेयजल की व्यवस्था स्वयं करनी चाहिए तथा दूसरे जिलों के जल स्रोतों पर निर्भरता कम करनी चाहिए।
18 नवंबर को होगी प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण बैठक
आंदोलन के दौरान तय हुआ कि 18 नवंबर को सुबह 10 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय के मीटिंग हॉल में किसान महापंचायत के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित होगी। बैठक में किसानों के हिस्से में उपलब्ध होने वाले पानी की मात्रा पर चर्चा की जाएगी। इसी के अनुरूप नहरों में पानी छोड़ने की तारीख तय होने की उम्मीद है।
किसान महापंचायत के पदाधिकारी रहे मौजूद
आंदोलन में किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट, प्रदेश मंत्री रतन खोखर, जिलाध्यक्ष गोपीलाल डोड़वाड़ी, जिला महामंत्री हरिशंकर धाकड़, जिला उपाध्यक्ष छीतरमल, सीताराम खादवाल, उनियारा तहसील अध्यक्ष दुल्ला प्रजापत, भवानी शंकर, आत्माराम निवारिया, रामलाल जाट, पंचायत अध्यक्ष मुकेश जुवाणिया, अन्नू जाट, हरिराम भगवान टन्ट सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल रहे।
इस दौरान किसानों ने ‘पानी तो भरपूर है, पर खेतों से दूर है’ और ‘घर-घर अलख जगाएंगे, नहर में पानी लाएंगे’ जैसे नारों के साथ अपनी मांग बुलंद की