नदी में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

खखरेरू फतेहपुर| स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के भुरूही गांव में सोमवार सुबह नदी में डूबने से छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार भुरूही गांव निवासी सोनू पाल का छह वर्षीय पुत्र अंश कुमार सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने साथियों के साथ घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित ससुर खदेरी नदी के किनारे खेलने चला गया था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया।

साथ खेल रहे बच्चों ने दौड़कर घर पहुंचकर अंश की मां नीलू देवी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद बच्चे को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत से मां नीलू देवी और तीन वर्षीय भाई प्रियांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बताया जा रहा है कि अंश के पिता सोनू पाल रोजी-रोटी कमाने के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए हैं और देर शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है।

थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।