(पंकज पोरवाल)
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला महिला सम्मेलन में महारानी पद्मिनी के नारी स्वाभिमान पर हुई चर्चा, संगठन की मजबूती और महिला नेतृत्व को लेकर किया आह्वान
शिक्षिकाएं संस्कारवान भावी पीढ़ी के निर्माण के साथ बच्चों में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करें: पल्लवी लढा
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|महिला सशक्तिकरण, नारी स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण में शिक्षिकाओं की भूमिका को नई दिशा देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला भीलवाड़ा इकाई की ओर से जिला महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सम्मेलन में जिलेभर की महिला शिक्षिकाओं एवं संगठन पदाधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर संगठनात्मक एकता और राष्ट्रहित में शिक्षा के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। सम्मेलन के प्रथम सत्र में संयोजिका मंजू कुमावत ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा, रीति-नीति और कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षक हितों के साथ शिक्षा की गुणवत्ता, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय चेतना के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन की मजबूती में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी भी दी। द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता एवं लघु उद्योग भारती की अध्यक्ष पल्लवी लढा ने महारानी पद्मिनी और नारी स्वाभिमान विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने महारानी पद्मिनी को नारी अस्मिता एवं स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए उनके व्यक्तित्व को लेकर नकारात्मक विमर्श का खंडन किया। उन्होंने शिक्षिकाओं से आह्वान किया कि वे संस्कारवान भावी पीढ़ी के निर्माण के साथ बच्चों में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करें। उन्होंने कहा कि महिला सशक्त होगी, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा। मुख्य अतिथि चित्तौड़ प्रांत की बौद्धिक प्रमुख सुशीला लढा ने वर्तमान परिस्थितियों में महिलाओं के सामने आ रही चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने कार्यक्षेत्र के साथ पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में संतुलन स्थापित कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। ऐसे सम्मेलन महिला शिक्षिकाओं को सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इनके माध्यम से आपसी संवाद, संगठनात्मक एकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने जिले की अधिकाधिक महिला शिक्षिकाओं को संगठन से जोड़ने तथा प्रत्येक खंड में महिला इकाइयों को सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के ध्येय वाक्य श्राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक एवं शिक्षक हित में समाजश् को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। अतिथियों का स्वागत जिला महिला मंत्री शारदा विश्नोई, संयुक्त मंत्री सीमा लोहार एवं निर्मला सुखवाल ने किया। संचालन जिला महिला उपाध्यक्ष नीता रावत ने किया, जबकि कल्पना जैन ने आभार व्यक्त किया। सम्मेलन के पश्चात संगठन की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष सुरेश बड़वा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें प्रदेश शैक्षिक सम्मेलन की तैयारियों तथा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।