श्री महालक्ष्मी मंदिर में वार्षिक अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सम्पन्न

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाभिषेक, यज्ञ और अन्नकूट मनोरथ का आयोजन, राजस्थान सहित चार राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
चौमहला। स्मार्ट हलचल|गंगधार नगर स्थित श्री गौड़ ब्राह्मण समाज की आराध्य एवं कुलदेवी श्री माता महालक्ष्मी मंदिर में वार्षिक अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता महालक्ष्मी के दर्शन कर धर्मलाभ लिया।
वार्षिक अन्नकूट महोत्सव के मनोरथी डॉ. राजेन्द्र उपाध्याय, राजोद एवं उनके परिवार की ओर से प्रातःकाल से ही धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। सर्वप्रथम विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता महालक्ष्मी का महाभिषेक किया गया। इसके पश्चात यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। समस्त धार्मिक कार्यक्रम वैदिक विद्वान आचार्य डॉ. देवेन्द्र शास्त्री (धारियाखेड़ी) के निर्देशन में सम्पन्न हुए।
यज्ञ में विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर में भजन, पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों के चलते भक्तिमय वातावरण बना रहा।
निवर्तमान अध्यक्ष हेमन्त भट्ट का किया सम्मान
महोत्सव के अवसर पर मंदिर समिति की ओर से सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने पर निवर्तमान अध्यक्ष हेमन्त भट्ट, पेटलावद का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं मंदिर के पुजारी पंडित सुरेश चंद्र शर्मा को भी मंदिर प्रबंधन एवं धार्मिक गतिविधियों में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके कार्यकाल में दिए गए योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
सोहनलाल शर्मा बने मंदिर समिति के नवीन अध्यक्ष
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति की नवीन व्यवस्था के तहत सोहनलाल शर्मा, महिदपुर को नवीन अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपस्थित समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मंदिर की धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।
वार्षिक अन्नकूट महोत्सव ने समाजजनों को धार्मिक परम्पराओं से जुड़ने और आपसी एकता एवं सद्भाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन की व्यापकता और सामाजिक एकता का परिचय दिया।
उक्त जानकारी मंदिर के प्रधान पुजारी मथुरेश शर्मा ने दी।