खखरेरू /फतेहपुर|स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के हरदासपुर सराफन मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर से गिरकर युवक की पहिए के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक समेत चार लोगों पर लापरवाही ही नहीं बल्कि हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।तारापुर गांव निवासी सोम प्रकाश ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके बहनोई कमलेश कुमार (पुत्र स्व. बाबूलाल), निवासी ग्राम रारी थाना किशनपुर 15 मार्च की शाम गांव के ही हरगोविंद सिंह उर्फ दद्दू सिंह और विकास सिंह के बुलावे पर उनके साथ गए थे। बताया गया कि सभी लोग ट्रैक्टर संख्या UP71BH4367 की ट्रॉली में लाही का भूसा लादकर भदौंहा स्थित एक ईंट भट्ठे की ओर जा रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर को दिनेश कुमार चला रहा था रक्षपालपुर और हरदासपुर सराफन के बीच बरगद के पेड़ के पास मोड़ पर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रैक्टर मोड़ दिया। अचानक झटका लगने से कमलेश ट्रैक्टर से नीचे गिर गए और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की बहन राजपति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कमलेश को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साले ओम प्रकाश ने आरोप लगाया है कि हरगोविंद, विकास, दिनेश और सौरभ ने मिलकर उनके बहनोई की हत्या की है। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
