चौकी के सामने कानून बेबस! गिट्टी से लबालब ओवरलोड डंपरों का बेखौफ सफर जारी

बॉडी से ऊपर तक भरकर दौड़ रहे डंपर, सड़क पर गिरती गिट्टी दे रही हादसों को न्योता; अमरगढ़ चौकी के सामने से गुजरने के बावजूद कार्रवाई पर सवाल

अलकेश पारीक

जहाजपुर|स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों का संचालन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। गिट्टी से लदे डंपर खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इन वाहनों में गिट्टी डंपर की बॉडी की ऊंचाई से भी ऊपर तक भरी हुई दिखाई दे रही है। तस्वीरों में एक साथ कई डंपर गिट्टी से लदे नजर आ रहे हैं, जो नियमों की अनदेखी की स्थिति को उजागर कर रहे हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि ये ओवरलोड डंपर अमरगढ़ पुलिस चौकी के सामने से होकर गुजर रहे हैं, इसके बावजूद इन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को इन वाहनों की जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई के अभाव में इनके संचालकों के हौसले बुलंद हैं?डंपरों से रास्ते में गिट्टी गिरती रहती है, जिससे पीछे चलने वाले बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सड़क पर बिखरी गिट्टी दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगाड़ सकती है। ऐसे में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

चौकी के सामने से गुजरते इन वाहनों पर आखिर कार्रवाई कब होगी? पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है कि ओवरलोड वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करें। सवाल यह भी है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या समय रहते इन वाहनों पर लगाम लगाई जाएगी?