दाधीच समाज ने फिर जताया रविन्द्र जोशी पर भरोसा, 133 मतों से दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित

जोशी को 905 मतों के साथ मिली जीत; 1689 मतदाताओं ने किया मतदान*

कोटा। स्मार्ट हलचल|श्री महर्षि दधीचि छात्रावास समिति, कोटा संभाग के अध्यक्ष पद के चुनाव में रविन्द्र जोशी (देहित) ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर समाज का विश्वास हासिल किया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नितेश दाधीच को 133 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर पुनर्निर्वाचन का गौरव प्राप्त किया।
चुनाव में कुल 2084 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1689 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के दौरान 12 मत निरस्त घोषित किए गए। घोषित परिणामों के अनुसार रविन्द्र जोशी को 905 मत प्राप्त हुए, जबकि नितेश दाधीच के पक्ष में 772 मत पड़े। इस प्रकार जोशी ने 133 मतों के अंतर से विजय हासिल की।
चुनाव में संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र के दाधीच समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। मतदान के प्रति समाज के लोगों का रुझान समिति के नेतृत्व और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर उनकी सक्रियता को दर्शाता है।
पुनर्निर्वाचित अध्यक्ष रविन्द्र जोशी ने अपनी जीत का श्रेय समस्त दाधीच समाज, मतदाताओं और समर्थकों को देते हुए कहा कि यह व्यक्तिगत विजय नहीं, बल्कि समाज के विश्वास, एकता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आगामी कार्यकाल में छात्रावास समिति के विकास, सामाजिक एकजुटता, युवा एवं महिला सशक्तीकरण तथा समाज कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि सभी समाजबंधुओं को साथ लेकर पारदर्शिता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।