शक्करगढ़ आश्रम में ब्रह्मलीन संत अमराव जी महाराज का द्वितीय निर्वाण महोत्सव 10 व 11 दिसंबर को

 

देशभर के संत-महात्माओं का होगा समागम, नेत्र चिकित्सा शिविर, विराट धर्मसभा एवं विद्यार्थी सम्मान समारोह होंगे आयोजित
शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|श्री अमर ज्ञान निरंजनी आश्रम, शक्करगढ़ के संस्थापक ब्रह्मलीन संत अमराव जी महाराज का द्वितीय निर्वाण महोत्सव आगामी 10 एवं 11 दिसंबर को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय इस महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्मा एवं महामंडलेश्वर शिरकत करेंगे। इस दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव के आयोजन को लेकर सोमवार को आश्रम परिसर में महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश पुरी जी महाराज की अध्यक्षता में आश्रम ट्रस्ट की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से महोत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

आश्रम के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र जोशी ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन 10 दिसंबर को सुबह आश्रम परिसर में विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर में देश के विभिन्न स्थानों से पधारे ख्यातनाम महामंडलेश्वरों एवं संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में विराट धर्मसभा का आयोजन होगा। इसी अवसर पर विद्यार्थी सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें शक्करगढ़ गांव के समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12वीं तक अपनी-अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 11 दिसंबर को आश्रम परिसर में पुनः विराट श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। इसमें संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा ब्रह्मलीन संत अमराव जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी जाएगी।

*चारों धामों में भागवत कथा के संकल्प की पूर्णता पर जताया आभार*

बैठक में आश्रम ट्रस्ट के महत्वपूर्ण धार्मिक संकल्प के तहत देश के चारों प्रमुख धामों श्री द्वारकाधीश, श्री रामेश्वरम, श्री जगन्नाथ पुरी एवं श्री बद्रीनाथ धाम में श्रीमद्भागवत कथा के भव्य आयोजन की पूर्णता पर हर्ष व्यक्त किया गया। विशेष रूप से गत 1 से 8 अक्टूबर तक श्री बद्रीनाथ धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर आश्रम ट्रस्ट की ओर से तीर्थ भागवत कमेटी के अध्यक्ष संजय निमोदिया एवं महामंत्री सुरेंद्र जोशी के प्रति धन्यवाद एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

बैठक के प्रारंभ में आश्रम ट्रस्ट के दिवंगत ट्रस्टी भेरूलाल शाह एवं हेमचंद सुरतानिया के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं बैठक के अंत में आश्रम के सहकार मंडल के सदस्य महेंद्र गर्ग के कालेड़ा कृष्ण गोपाल ग्राम पंचायत के सरपंच निर्वाचित होने पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

बैठक में आश्रम के ब्रह्मचारी आचार्य हंस चैतन्य, ब्रह्मचारी नारायण चैतन्य, महेंद्र चैतन्य, वरिष्ठ ट्रस्टी टी.सी. चौधरी, सुरेश चंद्र रुइया, भंवरलाल झंवर, रमेश सोमानी, संजय निमोदिया, किशोर कुमार शर्मा, सुरेंद्र जोशी, भगवान मंडोवरा, नाथूलाल पंचोली, दामोदर शाह, महेंद्र गर्ग, भवानी शंकर पाराशर, मुकेश कुमार बांगड़ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।