गंगापुर में छठ महापर्व का समापन, उदयमान सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की सुख-समृद्धि

गंगापुर

(दिनेश लक्षकार)

स्मार्ट हलचल|बिहार मैत्री संघ गंगापुर के तत्वावधान में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सहाड़ा चौराहा स्थित बावड़ी के बालाजी मंदिर परिसर में छठ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। व्रतधारी महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।महापर्व के अंतिम दिन सुबह श्रद्धालु पूजा सामग्री और प्रसाद के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचे। महिलाओं ने तालाब के जल में खड़े होकर उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की पूजा कर परिवार की खुशहाली की कामना की। सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतधारियों ने अपना कठिन व्रत पूर्ण किया।
पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। आयोजन में महेश माली, रोहित सिंह, राजेश सिंह, विक्की माली,विकास माली, सरोज ओझा, जज कुमार, मनीष चौधरी, धर्मदेव गणेश राय, राम सिंह,सहित बिहार मैत्री संघ के सदस्य एवं बड़ी संख्या में व्रतधारी श्रद्धालु उपस्थित रहे।
छठ महापर्व को लेकर नगर में विशेष उत्साह देखने को मिला। बिहार मैत्री संघ के प्रयासों से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छठ पर्व ने एक बार फिर आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संदेश दिया।