उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, तीनों घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

सूर्य की पहली किरण के साथ व्रतियों ने की पूजा-अर्चना, छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंजे घाट
भीलवाड़ा, 16 नवंबर। स्मार्ट हलचल|लोकआस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधि-विधानपूर्वक समापन हुआ। शहर के मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स टैंक और लव गार्डन स्थित नेहरू तलाई पर अलसुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सूर्य की पहली किरण के साथ ही जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं और पुरुषों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। चार दिवसीय इस महापर्व के अंतिम दिन तीनों घाटों पर भक्ति, उल्लास और पारंपरिक लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सोमवार तड़के से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजकर सिर पर दउरा और हाथों में पूजा के सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना तथा विभिन्न पूजन सामग्री सजाकर सूर्य उपासना की तैयारियां की गईं। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रत का पारण किया गया। घाटों पर गूंजते छठी मैया के जयकारों और ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी कठिन साधना, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव है। इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रती पूरी निष्ठा और कठोर नियमों के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। भीलवाड़ा में पूर्वांचल समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों की सहभागिता ने इस महापर्व को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
पूर्वांचल जन चेतना सेवा समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि तीनों छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। भीलवाड़ा में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लोगों के लिए यह पर्व अपनी जन्मभूमि, परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का विशेष अवसर है। समिति का प्रयास है कि नई पीढ़ी भी अपनी लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समझे तथा उनसे जुड़ी रहे।
समिति अध्यक्ष अरुण राय ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से पूर्वांचल की समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, समाजजनों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
चार दिवसीय महापर्व के समापन पर तीनों छठ घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। सूर्य उपासना, छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता की अनुपम छटा बिखेरी।
इस अवसर पर पूर्वांचल जन चेतना सेवा समिति के डॉ. अशोक सिंह, एच.एल. बघेल, आनंद राय, विजयानंद झा, सचिव ओमप्रकाश सिंह, रोशन सिंह, कामेश्वर सिंह, सूरज गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।