जिला परिषद और 16 पंचायत समितियों की मतगणना सुबह 8 बजे से, पॉलिटेक्निक कॉलेज बनेगा सियासी नतीजों का केंद्र
(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|पंचायत चुनाव की वोटिंग के बाद अब गांवों की सत्ता का फैसला होने की घड़ी आ गई है। किसके सिर सजेगा जीत का ताज और किसका सियासी गणित होगा ध्वस्त, इसका खुलासा 20 नवंबर को होगा। जिला परिषद और जिले की 16 पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों पर पूरे जिले की निगाहें टिक गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने बताया कि पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद के 45 वार्डों तथा 16 पंचायत समितियों के 288 सदस्य पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, तिलक नगर में कराई जाएगी।
45 जिला परिषद वार्डों का फैसला, 288 पंचायत समिति सदस्यों की किस्मत खुलेगी
जिले में पंचायत चुनाव के दो चरण 22 और 28 अक्टूबर को शांतिपूर्वक संपन्न हुए थे। अब मतगणना के साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो जाएगी। जिला परिषद के 34 पूर्ण एवं 11 आंशिक निर्वाचन क्षेत्रों सहित कुल 45 वार्डों तथा पंचायत समितियों के 288 सदस्य पदों के लिए मतों की गिनती होगी।
16 पंचायत समितियों पर टिकी निगाहें
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार बिजौलियां में 15, जहाजपुर में 17, खजूरी में 15, कोटड़ी में 27, मांडलगढ़ में 21, बनेड़ा में 17, करेड़ा में 17, मांडल में 21, सुवाणा में 27, फुलियाकलां में 15, रायपुर में 15, सहाड़ा में 19, शाहपुरा में 15, आसींद में 15, हुरड़ा में 17 तथा शम्भूगढ़ में 15 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना होगी।
जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्रों का पंचायत समितिवार विवरण इस प्रकार है—
बिजौलियां: पूर्ण वार्ड 44 और 45।
जहाजपुर: पूर्ण 36, 37, 38 तथा आंशिक 35।
खजूरी: पूर्ण 39, 40 तथा आंशिक 35।
कोटड़ी: पूर्ण 32, 33, 34 तथा आंशिक 31, 35।
मांडलगढ़: पूर्ण 41, 42, 43 तथा आंशिक 31।
बनेड़ा: पूर्ण 24, 25, 26।
करेड़ा: पूर्ण 1 तथा आंशिक 2, 3।
मांडल: पूर्ण 10, 12 तथा आंशिक 2, 3, 11।
सुवाणा: पूर्ण 27, 28, 29, 30 तथा आंशिक 11।
फुलियाकलां: पूर्ण 21 तथा आंशिक 20, 23।
रायपुर: पूर्ण 4, 5 तथा आंशिक 6।
सहाड़ा: पूर्ण 7, 8, 9 तथा आंशिक 6।
शाहपुरा: पूर्ण 22 तथा आंशिक 20, 23।
आसींद: पूर्ण 14 तथा आंशिक 13, 15।
हुरड़ा: पूर्ण 18, 19 तथा आंशिक 17।
शम्भूगढ़: पूर्ण 16 तथा आंशिक 13, 15, 17।
अब नतीजों पर टिकी सियासी निगाहें
मतगणना के साथ ही जिला परिषद और पंचायत समितियों में राजनीतिक दलों की ताकत का वास्तविक आकलन सामने आएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में किस दल ने कितनी पैठ बनाई और निर्दलीय उम्मीदवारों ने कहां चुनावी समीकरण बदले, इसका भी खुलासा होगा। 20 नवंबर की सुबह से पॉलिटेक्निक कॉलेज में चलने वाली मतगणना जिले की ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर तय करेगी। अब सबकी निगाहें मतपेटियों से निकलने वाले जनादेश पर हैं।