दीपावली मिलन में बिखरी खुशियों की छटा, अनुभव ग्रुप को मिली नई नेतृत्व टीम
पारस सोगानी अध्यक्ष, प्रकाश पाटनी मंत्री और सुनील पाटनी बने कोषाध्यक्ष
कोटा। स्मार्ट हलचल|दीपावली के उल्लास, आपसी स्नेह और सामाजिक एकजुटता के रंगों से सराबोर दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप अनुभव कोटा का दीपावली स्नेह मिलन समारोह जैन जन उपयोगी भवन में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
अध्यक्ष अशोक जोरा ने बताया कि समारोह में 150 से अधिक सदस्यों की सहभागिता ने आयोजन को आत्मीयता और उत्साह से भर दिया। दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। महिलाओं की ओर से प्रस्तुत धार्मिक नृत्य और भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सदस्यों का मन मोह लिया।
समारोह में राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव जे.के. जैन ने 27 दिसंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन की जानकारी साझा की। उन्होंने ‘समाज की बेटी समाज में’ थीम को सामाजिक समरसता और पारिवारिक संस्कारों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष सुरेश चांदवाड़ ने 3 जनवरी को जबलपुर में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन की जानकारी देते हुए ग्रुप की सामाजिक गतिविधियों एवं दायित्वों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान सत्र 2027-2028 के लिए नवीन कार्यकारिणी का गठन चुनाव अधिकारी की देखरेख में किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पारस सोगानी को अध्यक्ष, प्रकाश पाटनी को मंत्री तथा सुनील पाटनी को कोषाध्यक्ष घोषित किया गया।
समारोह में पूर्व अध्यक्ष आर.के. बज, धर्मचंद्र काला, चांदमल जैन, जैनेन्द्र जैन, कमल बोहरा, महावीर प्रसाद जैन, महेंद्र कुमार जैन, सुरेश पाटौदी एवं वीरेंद्र कुमार सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन में अशोक रांवका,एस के दोसी, नेमीचंद शाह एवं जयकुमार जैन संयोजक रहे। महिला संयोजिकाओं राजकुमारी जैन, सुमन जैन, संतोष जैन एवं उर्मिला शाह का सहयोग रहा। सचिव विमल जैन ने आभार व्यक्त किया।