तीन माह के लिए तय होंगे 10 प्रमुख लक्ष्य, टीकाकरण से लेकर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी तक की हुई समीक्षा
अनिल कुमार खीची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।बदनोर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से बदनोर ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीएमएचओ डॉ. संजय गेहलोत ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लेते हुए चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में बीसीएमओ डॉ. अनुज पिंगोलिया सहित सेक्टर चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ एवं एएनएम मौजूद रहे। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, परिवार कल्याण, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनसीडी, एचबीएनसी तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान और फॉलोअप की समीक्षा की गई।
सीएमएचओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नवजात शिशुओं की नियमित देखभाल तथा गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और फॉलोअप को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, 108 एम्बुलेंस सेवा एवं आशा कार्यक्रम की भी समीक्षा की।
बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्य, मानव संसाधन, प्रशिक्षण, गुणवत्ता आश्वासन एवं आईपीएचएस मानकों की पालना पर चर्चा हुई। आगामी तीन माह के लिए 10 प्रमुख प्राथमिकता गतिविधियों एवं संकेतकों का चयन कर सुधार के लक्ष्य निर्धारित करने तथा प्रत्येक माह उपलब्धियों की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।