चौमहला
स्मार्ट हलचल|श्री सत्यनारायण मंदिर ट्रस्ट चौमहला की ओर से 27 नवंबर शुक्रवार को श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
सत्यनारायण मन्दिर ट्रस्ट के जगदीश सारडा ने बताया कि शिविर में सुधीर गुप्ता आई हॉस्पिटल, कोटा के नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में जांच के दौरान मोतियाबिंद के मरीजों का चयन भी किया जाएगा। चयनित मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन सुधीर गुप्ता आई हॉस्पिटल, कोटा में निःशुल्क किए जाएंगे। मरीजों को ऑपरेशन के लिए चौमहला से कोटा ले जाने और ऑपरेशन के बाद वापस लाने की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी।
श्री सत्यनारायण मंदिर ट्रस्ट ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस सेवा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार एवं परिचितों में जिन लोगों को नेत्र संबंधी परेशानी है, उन्हें भी शिविर की जानकारी देकर जांच के लिए लेकर आएं। ट्रस्ट ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की आंखों की जांच, उपचार और मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराना सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है।